खानपुर विधानसभा में बढ़ा सुराज सेवा दल का जनाधार, जलालपुर और अतमालपुर में रमेश जोशी का भव्य स्वागत
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
खानपुर। खानपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जलालपुर एवं अतमालपुर में सुराज सेवा दल द्वारा आयोजित जनसभा और स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों और युवाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी का ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया गया।

ग्राम जलालपुर में गुफरान के आवास पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने कहा कि सुराज सेवा दल का परिवार जनपद हरिद्वार सहित पूरे उत्तराखंड में लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र का समग्र विकास, युवाओं को रोजगार के अवसर, महिलाओं की सुरक्षा तथा भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था स्थापित करना है।

इसके पश्चात अतमालपुर में अनुज कुमार और उनकी टीम द्वारा रमेश जोशी, वरिष्ठ नेता इंतजार प्रधान एवं केंद्रीय टीम के सदस्यों का नागरिक अभिनंदन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं ने संगठन की नीतियों से प्रभावित होकर सुराज सेवा दल की सदस्यता ग्रहण की।

रमेश जोशी ने कहा कि जलालपुर और अतमालपुर के युवाओं एवं ग्रामीणों द्वारा मिला समर्थन इस बात का संकेत है कि जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में संगठन का विस्तार और अधिक तेजी से होगा तथा विकास की मुहिम को विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक पहुंचाया जाएगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश सचिव एवं वरिष्ठ नेता इंतजार प्रधान ने कहा कि खानपुर क्षेत्र लंबे समय से बुनियादी विकास की समस्याओं से जूझ रहा है। सुराज सेवा दल केवल वादों की राजनीति नहीं करता बल्कि जनता के अधिकारों और क्षेत्रीय विकास के लिए निरंतर संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनसभा में उमड़ी भीड़ संगठन के प्रति जनता के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है।
इस अवसर पर महामंत्री देवेंद्र बिष्ट, प्रदेश प्रवक्ता डिंपी भाई, मुजफ्फर प्रधान, हाजी इरफान, नौशाद प्रधान, आलीम प्रधान, नितिन कटारिया, अकलीम त्यागी, सोनू कुमार, नदीम अहमद पीरपुरा, नफीस खटका, हक्काम प्रधान सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।