Breaking News
● हरिद्वार में राशन कार्डों का विशेष सत्यापन अभियान जारी, 462 कार्ड निरस्त ● पिरान कलियर में पुलिस की मुस्तैदी से टली बड़ी अनहोनी, लावारिस मिले मासूम को परिजनों से मिलाया ● खानपुर विधानसभा में बढ़ा सुराज सेवा दल का जनाधार, जलालपुर और अतमालपुर में रमेश जोशी का भव्य स्वागत ● धोखाधड़ी के ₹5000 के इनामी आरोपी को हरिद्वार पुलिस ने दबोचा, चार साल से था फरार ● 25 दिन की मैराथन जांच के बाद ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा, प्रेम प्रसंग में महिला की हत्या करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार ● 25 दिन की मैराथन जांच के बाद ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा, प्रेम प्रसंग में महिला की हत्या करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार ● चलती बस में लगी भीषण आग, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा (देखे वीडियो) ● हेमकुंड एक्सप्रेस में बिछड़ी वृद्धा को जीआरपी ने सकुशल परिजनों तक पहुंचाया ● विश्व पर्यावरण दिवस पर सेवासेतु फाउंडेशन का हरित अभियान, पुलिस अधिकारियों ने भी निभाई सक्रिय भूमिका
दुर्घटना

बैक करते समय बालक पर चढ़ी बारात की कार, मासूम की हालत गंभीर — गुस्साए ग्रामीणों ने घेर ली पूरी बारात, (देखें वीडियो)..

✍ Super Admin 🕒 12 Mar 2026, 11:30 PM
बैक करते समय बालक पर चढ़ी बारात की कार, मासूम की हालत गंभीर — गुस्साए ग्रामीणों ने घेर ली पूरी बारात, (देखें वीडियो)..

अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻

रुड़की: भगवानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम टकाभरी में शादी समारोह के दौरान हुए एक सड़क हादसे के बाद देर रात काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। बारात की एक कार की चपेट में आने से 10 वर्षीय बालक विशु गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने कार को पलट दिया और बारात में शामिल करीब 250 लोगों को घेरकर रोक लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाइश और मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित करते हुए सभी बारातियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार लक्सर क्षेत्र से एक बारात ग्राम टकाभरी पहुंची हुई थी। इसी दौरान बारातियों की एक कार को पीछे करते समय गांव का 10 वर्षीय बालक विशु वाहन की चपेट में आ गया। हादसे में बालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।

गुस्साए ग्रामीणों ने कार को पलट दिया और बारात को चारों ओर से घेर लिया। बताया जा रहा है कि करीब ढाई सौ बारातियों को मौके पर ही रोक लिया गया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति को देखते हुए आसपास के थानों से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा।

इस बीच एसपी देहात शेखर सुयाल भी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता कर उन्हें शांत कराया। काफी देर तक चली समझाइश और प्रयासों के बाद पुलिस ने बारातियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और हल्की झड़प होने की बात भी सामने आई है।

घायल बालक विशु को पहले स्थानीय स्तर पर उपचार दिलाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे देहरादून के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि लक्सर क्षेत्र से आई बारात की कार को पीछे करते समय बालक वाहन की चपेट में आ गया था। घटना के बाद ग्रामीणों ने आक्रोश में बारात को घेर लिया था। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करते हुए बारातियों को सुरक्षित छुड़ाया।

उन्होंने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल भी तैनात किया गया है और फिलहाल स्थिति सामान्य बनी हुई है।

Comments (0)